मुठभेड़ में अभियुक्त के बांए पैर में गोली लगी, गिरफ्तार
लखनऊ, 21 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात को पुलिस ने बैंक मैनेजर की पत्नी से चेन स्नेचिंग करने वाले लुटेरे को एक मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पकड़े गए अभियुक्त को ले जाती पुलिस


लखनऊ, 21 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात को पुलिस ने बैंक मैनेजर की पत्नी से चेन स्नेचिंग करने वाले लुटेरे को एक मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण निपुण अग्रवाल ने बताया कि पीजीआई थाना क्षेत्र में 17 फरवरी की रात को महिला रीता झा से चेन स्नेचिंग की घटना हुई थी। इसका सफल अनावरण के लिए टीमें गठित की गई थी। बरौली पुल के पास शुक्रवार रात को पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की वाहन लेकर गुजर रहे युवक को पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के बांए पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल बदमाश को हिरासत में ले लिया और मौके से उसके पास से एक तमंचा मय कारतूस और अन्य चीजें बरामद की।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त की पहचान सुलतानपुर जिले के बघराजपुर निवासी विवेक कुमार यादव उर्फ शेरू यादव के रूप में हुई है। उसके खिलाफ लखनऊ, सुलतानपुर जिलों के थानों में चार मुकदमें दर्ज हैं। घायल अभियुक्त को इलाज के लिए पीजीआई ट्रामा सेंटर भेजकर मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक