Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गंगटोक, 21 फरवरी (हि.स.)। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने नई दिल्ली में हुए एआई शिखर सम्मेलन में कांग्रेस की यूथ विंग द्वारा विरोध प्रदर्शन करने काे लेकर कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि भारत की वैश्विक छवि को खराब करने की कांग्रेस पार्टी की कोशिशें स्वीकार्य नहीं हैं।
मुख्यमंत्री तमांग ने शनिवार काे सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि मैं इस अहम समय पर कांग्रेस पार्टी की गतिविधियों की कड़ी निंदा करता हूं, जब भारत नई दिल्ली में प्रतिष्ठित एआई शिखर सम्मेलन का आयोजन कर रहा है और दुनिया भर में नवाचार और प्रविधि में तरक्की की अपनी तेजी से हो रही उपलब्धियों को पेश कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश खुद को वैश्विक प्रविधि नेतृत्व के तौर पर मजबूत करने की कोशिश कर रहा है, ऐसे व्यवधान हमारी विश्वसनियता पर सवाल उठाने का खतरा पैदा करते हैं।' उन्होंने कहा कि हालांकि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का एक अहम स्तंभ है, लेकिन भारत की वैश्विक छवि को खराब करने की कांग्रेस पार्टी की कोशिशों को जिम्मेदार और स्वीकार्य नहीं माना जा सकता।
मुख्यमंत्री तमांग ने कहा जब भारत की तरक्की दुनिया के मंच पर दिखाई जा रही हो, तो देश का हित हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर होना चाहिए।
गौरतलब है कि, राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन के दौरान कांग्रेस की यूथ विंग के कार्यकर्ता अचानक घुस गए और शर्टलेस विरोध प्रदर्शन किया। इस घटना के लिए पूरे देश में कांग्रेस पार्टी की कड़ी आलोचना हो रही है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung