Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू, 21 फरवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को लोक भवन में आयोजित एक औपचारिक समारोह में सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी शांतमनु को राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद की शपथ दिलाई।
यह शपथ ग्रहण समारोह जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा उनकी नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा के बाद आयोजित किया गया। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में शांतमनु को संवैधानिक पद पर नियुक्त करने की जानकारी दी गई थी।
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, शांतमनु को पांच वर्ष की अवधि के लिए या 70 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी मानी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि राज्य निर्वाचन आयुक्त का पद स्थानीय निकाय चुनावों और संबंधित चुनावी प्रक्रियाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शांतमनु की नियुक्ति को जम्मू-कश्मीर में चुनावी प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी ढंग से संचालित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह