Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हजारीबाग, 21 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड पुलिस की ओर से अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे अभियान में हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से कुख्यात राहुल दुबे गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को शनिवार को हथियार और जिंदा गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुजू स्थित कोलियरी एरिया में दहशत फैलाने के उद्देश्य से राहुल दुबे गैंग के सदस्य गोलीबारी की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एंटी क्राइम चेकिंग और छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान राहुल दुबे गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में सादिक खान उर्फ गुलाम जिलानी उर्फ अशफाक आलम और टिपू खान उर्फ तौफीक आलम उर्फ सलीम खान शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार सादिक खान के पास से एक लोडेड 7.65 एमएम देशी पिस्टल और 04 जिंदा कारतूस बरामद किया गया, जबकि टिपू खान के पास से एक लोडेड पिस्टल और 02 जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी अमित आंनद ने बताया कि अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार