Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 21 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में आगामी होली और ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की।
बैठक की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए शांति समिति के सदस्यों ने अपने-अपने इलाकों की समस्याओं और सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखा। जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थानों की निगरानी, पेयजल और विद्युत व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर संतोष गर्ग सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, डीएसपी और विभिन्न थाना प्रभारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारी की गई है और हर स्तर पर निगरानी रखी जाएगी।
वहीं उपायुक्त ने कहा कि होली और ईद दोनों ही पर्व सामाजिक एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील किया कि वे एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहार मनाएं।
एसएसपी ने बताया कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। गश्ती दलों को सक्रिय रखा जाएगा और त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) भी तैयार रहेगी। उन्होंने लोगों से कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक