Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 21 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि सड़क, नाली और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं आवश्यक हैं, लेकिन खूंटी के समग्र विकास के लिए दूरदर्शी सोच भी जरूरी है। अर्जुन मुंडा गुरुवार को नगर पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी रानी टूटी के चुनावी कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक उच्च शिक्षा, तकनीकी विकास और ज्ञान-विज्ञान तक बेहतर पहुंच—इन्हीं क्षेत्रों पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर काम कर रहे हैं। ऐसे प्रयासों से ही खूंटी का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित होगा।
उन्होंने मतदान और मतगणना के दौरान विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश कार्यकर्ताओं को दिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रानी टूटी ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने मोहल्लों में लोगों से संपर्क कर मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहले मतदान, फिर जलपान की नीति अपनाकर मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करें और खूंटी के विकास में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।
चुनाव संयोजक काशीनाथ महतो ने कहा कि इस बार मतदान बैलेट पेपर से हो रहा है। इसलिए सभी कार्यकर्ता विशेष रूप से सतर्क रहें। भाजपा के जिला अध्यक्ष आनंद कुमार ने कहा कि यह चुनाव किसी एक व्यक्ति की जीत नहीं, बल्कि खूंटी के विकास के नाम जनता की जीत होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शहर को पानी, बिजली, सड़क, साफ-सफाई, बस पड़ाव और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से राहत नहीं मिली। भाजपा ने नगर के विकास को लेकर न्यायालय तक का रुख किया। उन्होंने विश्वास जताया कि छड़ी छाप पर मतदान कर जनता रानी टूटी को अध्यक्ष चुनकर विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।
कार्यक्रम में निखिल कंडुलना, अर्जुन पाहन, मदनमोहन गुप्ता, मनोज कुमार, गौरा देवी, कृष्णानंद तिवारी, कंचन सिंह, लक्ष्मी बखला, सुधा पूर्ति, नौरी पूर्ति, उर्मिला देवी, सुरेंद्र सिंह, रुकमिला सारु, गुलाब महतो सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा