Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 21 फ़रवरी (हि.स.)। खूंटी नगर पंचायत के अध्यक्ष पद की भाजपा समर्थित उम्मीदवार रानी टूटी के समर्थन में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी ने रैली निकाली। रैली का नेतृत्व पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, संयोजक काशीनाथ महतो तथा जिलाध्यक्ष आनन्द कुमार ने किया।
रैली की शुरुआत रानी टूटी के चुनावी कार्यालय से हुई। इसके बाद यह शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों, मोहल्लों और वार्डों से गुजरते हुए पुनः चुनावी कार्यालय पर आकर समाप्त हुई। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए और मतदाताओं से रानी टूटी के पक्ष में मतदान की अपील की।
रैली में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
बड़ी संख्या में महिलाएं रानी टूटी के चुनाव चिन्ह ‘छड़ी’ को हाथों में लेकर शामिल हुईं। रैली के दौरान महिलाओं ने कहा कि नगर पंचायत के समुचित विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और स्वच्छ प्रशासन के लिए वे रानी टूटी का समर्थन कर रही हैं।
इस अवसर पर नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि रानी टूटी के नेतृत्व में नगर पंचायत में विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता का समर्थन भाजपा प्रत्याशी को मिलेगा और खूंटी नगर पंचायत को एक सशक्त व विकासोन्मुख नेतृत्व प्राप्त होगा।
रैली में आरती कुजूर, मनोज कुमार, ज्योतिष भगत, रूपेश जायसवाल, संजय साहू, विकास चौधरी, प्रियंक भगत, लक्ष्मी बाखला , परमेश्वर प्रसाद, परमानंद कश्यप, अर्जुन पाहन, जयप्रकाश भला, बालमुकुंद कश्यप, जितेंद्र कश्यप, गिरीश जायसवाल, कृष्णानंद तिवारी, लव चौधरी सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा