Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नाहन, 20 फ़रवरी (हि.स.)। सिरमौर: राजगढ़ में संदिग्ध सामान सहित चार पकड़े, नाहन में चिट्टा तस्करी में दो गिरफ्तार
सिरमौर, 20 फरवरी। सिरमौर जिले में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध गतिविधियों में शामिल कई लोगों को पकड़ा है। पुलिस थाना राजगढ़ की टीम ने गश्त के दौरान गौड़ा की ओर से आ रही एक मारुति वैन (HP14A-5747) और पिकअप (HP16A-4506) को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वैन से जनरेटर, वेल्डिंग रॉड, वेल्डिंग सेट, नट खोलने की चाबियां, काले रंग की बिजली तार, कटर मशीन और एक्स ब्लेड बरामद किए गए।
वहीं पिकअप वाहन की जांच में भारी वजन के कटे हुए पाइप के टुकड़े और बड़ा गैस कटिंग सिलेंडर मिला। पुलिस के अनुसार वैन में सवार लोगों की पहचान शाहजहां, मीर मोहम्मद और लियाकत अली निवासी तहसील कालाकोट, जिला राजौरी (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है, जबकि पिकअप चालक भगत निवासी तहसील व जिला सोलन बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से बरामद सामान के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। प्राथमिक जांच में सामान चोरी का प्रतीत होने पर पुलिस थाना राजगढ़ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
उधर, पुलिस थाना सदर नाहन के तहत पुलिस चौकी गुन्नूघाट की टीम ने शिमला रोड स्थित हाथी कब्र, अमरपुर मोहल्ला क्षेत्र में किराये के कमरे से दो युवकों को संदिग्ध हालत में पकड़ा। उनकी पहचान अभिनव कश्यप निवासी अमरपुर, नाहन और नदीम निवासी जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
मौके से नशीले पदार्थ के अवशेष और इस्तेमाल में लाए जाने वाले उपकरण बरामद किए गए थे। एसएफएसएल जुन्गा से प्राप्त रिपोर्ट में दोनों द्वारा हेरोइन सेवन की पुष्टि हुई है। इस मामले में पुलिस थाना नाहन में धारा 27 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर