Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बरेली, 20 फरवरी (हि.स.) । कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर कचहरी के पास टेम्पो में सवार एक महिला ने चालक पर जेवर और नकदी पार करने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। सड़क पर ही दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भीड़ जुटने पर चालक मौका पाकर वहां से खिसक गया।
ग्राम डूबरा नवीनगर, थाना कैंट निवासी नीरज पत्नी गुड्डू के अनुसार वह दोपहर करीब 12 बजे खरसेनी कन्नौजिया इंटर कॉलेज से टेम्पो नंबर यूपी जीटी 4337 में सवार होकर गांव लौट रही थीं। उनके पर्स में आधा तोला सोने की नथनी, सोने की बेसर, करीब 250 रुपये का चांदी का गुच्छा और 500 रुपये नकद रखे थे। आरोप है कि रास्ते में फतेहगंज से कुछ सवारियां चढ़ीं और कचहरी पर उतर गईं। जब वह खुद उतरीं और किराया देने के लिए पर्स खोला तो जेवर और नकदी गायब थे।
महिला ने तत्काल चालक को पकड़ लिया और चोरी का आरोप लगाया। राहगीरों की भीड़ लग गई। कुछ लोग महिला के समर्थन में आ गए, जबकि कुछ तमाशबीन बने रहे। इसी दौरान चालक वहां से निकल गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभाले। कोतवाली प्रभारी सुरेश चन्द्र गौतम ने बताया कि महिला की तहरीर ले ली गई है। चालक से भी पूछताछ की जा रही है। आसपास के लोगों और संभावित अन्य सवारियों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि चोरी की पुष्टि होती है तो सख्त कदम उठाए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार