Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी चंपारण,20 फ़रवरी (हि.स.)।जिले के हरैया थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये के रिफाइंड तेल को बीच रास्ते में बेचने की साजिश का खुलासा किया है। मामले में ट्रक चालक और एक स्थानीय युवक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि ट्रक मालिक समेत दो आरोपी फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद के निर्देशन में थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान, एसआई सोनेलाल कुमार, पीएसआई कुमारी बिट्टू, सिपाही पिंटू कुमार, मिथुन कुमार मांझी एवं सोनू कुमार सहित टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रक संख्या JH10BJ-7296 में लदा रिफाइंड तेल छत्तीसगढ़ भेजने के बजाय बीच रास्ते में बेचने की योजना बनाई गई है।
जांच में पता चला कि उक्त ट्रक नेपाल बारा जिले के जीतपुर से 1310 कार्टन रिफाइंड टीन (कुल मूल्य 27,51,000 रुपये) तथा 700 पीस कार्टन (मूल्य 6,94,886 रुपये) 15 फरवरी 2026 को बीरगंज से लोड हुआ था। 17 फरवरी 2026 को कोरबा (छत्तीसगढ़) के लिए कस्टम क्लियरिंग भी कराई गई थी। इसके बाद ट्रक को हरैया स्थित यादव पार्किंग, सिंहपुर में खड़ा कर दिया गया।
आरोप है कि ट्रक चालक सोनू कुमार दांगी, स्थानीय कबीर आलम तथा ट्रक मालिक बबलू साव और उनके सहयोगी रंजन कुमार ने कुछ असामाजिक तत्वों से मिलकर माल को बीच रास्ते में बेचने का सौदा कर लिया था। जब इस साजिश की भनक ट्रांसपोर्ट कर्मी को लगी तो वह यादव पार्किंग पहुंचा। पूछताछ में स्थानीय कबीर आलम ने कथित रूप से स्वीकार किया कि इस प्रकार की योजना पहले भी अंजाम दी जा चुकी है। इसके बाद पुलिस ने ट्रक चालक सोनू कुमार दांगी (जिला हजारीबाग, झारखंड) और कबीर आलम (लक्ष्मीपुर, थाना रक्सौल) को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि ट्रक मालिक बबलू साव (जिला धनबाद, झारखंड) एवं सहयोगी रंजन कुमार मौके से कार पर सवार होकर फरार हो गए।
गिरफ्तार चालक ने पूछताछ में बताया कि माल बेचने की साजिश रंजन कुमार और ट्रक मालिक बबलू साव द्वारा रची गई थी। पुलिस ने जब्त ट्रक एवं आरोपियों को थाना लाकर प्राथमिकी दर्ज की है तथा अग्रिम कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार