Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बरेली, 20 फरवरी (हि.स.) । एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) यूनिट ने शुक्रवार काे 10 किलो अफीम के साथ महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी है। पकड़े गए तस्कर रिश्ते में सास-दमाद है।
एएनटीएफ प्रभारी विकास यादव ने बताया कि यह कार्रवाई बरेली-बदायूं रोड पर थाना भमोरा क्षेत्र के ग्राम सिरोई स्थित शिव ब्रिकफील्ड जाने वाले रास्ते पर की गई। एएनटीएफ टीम पहले से घात लगाए थी। जैसे ही संदिग्ध मौके पर पहुंचे, उन्हें दबोच लिया गया। तलाशी में 10 किलो अफीम, दो मोबाइल फोन, दो रेलवे टिकट और नगदी बरामद हुई। रेलवे टिकट मिलने से तस्करी में ट्रेन मार्ग के इस्तेमाल की आशंका जताई है।
गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान बदायूं के ग्राम सिरसवा निवासी प्रेम गिरी और झारखंड के चतरा जिले की धर्मी देवी के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में दामाद-सास हैं। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि वे झारखंड से अफीम लाकर अपने गांव के एक व्यक्ति को सौंपते थे, जो आगे पंजाब में सप्लाई करता था। मुनाफा आपस में बांट लिया जाता था।
एएनटीएफ प्रभारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ थाना भमोरा में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब नेटवर्क के कथित मास्टरमाइंड और पंजाब कनेक्शन की तलाश में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार