Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नागदा, 20 फरवरी (हि.स.)। साप्ताहिक नागपुर-जयपुर एक्सप्रेस गुरुवार देर रात उज्जैन जिले के उन्हेल रेलवे स्टेशन पर कथित तौर पर इंजन में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण करीब आधा घंटा खड़ी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन रात 9:40 बजे उन्हेल स्टेशन पहुंची थी। निर्धारित ठहराव के बाद भी ट्रेन आगे नहीं बढ़ी और लगभग 10:16 बजे दोबारा रवाना हो सकी। इस दौरान यात्रियों में असमंजस की स्थिति बनी रही।
यात्रियों ने बताया कि जब ट्रेन काफी देर तक खड़ी रही तो गार्ड से संपर्क किया गया।
गार्ड ने इंजन में तकनीकी समस्या की बात कही और आवश्यकता पड़ने पर दूसरे पावर (इंजन) को बुलाए जाने की संभावना जताई।
ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री रविंद्र के अनुसार उन्होंने स्टेशन मास्टर से भी जानकारी ली। उस समय स्टेशन मास्टर फोन पर वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर रहे थे। मौके पर मौजूद एक कर्मचारी ने बताया कि उच्च स्तर से मार्गदर्शन लिया जा रहा है और ट्रेन शीघ्र ही रवाना कर दी जाएगी।
इस संबंध में पश्चिमी रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार से दूरभाष पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने मामले की जानकारी होने से इनकार किया और कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की, हालांकि देरी ज्यादा नहीं रही, फिर भी तकनीकी कारणों से ट्रेन रुकने की घटना ने यात्रियों को असुविधा में डाल दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया