Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 20 फरवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने शुक्रवार को मुंबई में कहा कि चुनाव के बाद सभी राजनीतिक नेताओं के बीच माहौल सौहार्दपूर्ण होना चाहिए। वे कल महाराष्ट्र की समस्याओं के संदर्भ में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिले थे। वे बहुत जल्द मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मिलेंगे।
राज ठाकरे ने आज पत्रकारों को बताया कि उनके एकनाथ शिंदे से मिलने के बाद तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। इस तरह की राजनीति बंद की जानी चाहिए। पहले राजनीतिक दलों के नेता सभी के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखते थे। चुनाव मैदान तक ही प्रतिस्पर्धा रहती थी। इसे बनाए रखने की जरुरत है। सत्ता पक्ष को अपना काम और विपक्ष को अपना काम करते रहना चाहिए।
राज ठाकरे ने आज पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आपको किसी से मिलने के पीछे पॉलिटिक्स नहीं ढूंढनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 'आज मुंबई, पुणे, ठाणे समेत कई शहरों में दिक्कतें हैं। क्या हमें वो सवाल पूछने की ज़रूरत नहीं है जो हमारे मन में हैं? हमारे शहर की रोज़ की हालत बहुत खराब और अजीब है। यह दयनीय हो गई है। इसके लिए सबसे ज़रूरी बात यह है कि हम सोचते हैं कि विकास का मतलब सडक़ें, फ्लाईओवर और पुल बनाना है, हम इसे प्रगति कहते हैं लेकिन मुझे लगता है कि यह नाकाफी है।
उन्होंने कहा कि हमारे पास अच्छी सडक़ें और पुल होने चाहिए लेकिन हम बेसिक चीज़ों को भी नहीं छू रहे हैं। आज मुंबई, पुणे और ठाणे समेत सभी शहरों में रीडेवलपमेंट हो रहा है। जहां पहले 25 से 40 लोग रहते थे, आज वहां 400 लोग रहते हैं। जगह वही है, सडक़ें वही हैं।' साथ ही, 'आज सडक़ें तैयार नहीं हैं, हर जगह ट्रैफिक जाम है। आज यह सभी शहरों की प्रॉब्लम है। मैं कल शिंदे से मिला हूं और उन्हें एक फाइल दी है, जो उन्होंने गगरानी को भेज दी है। अब गगरानी से पूछा जाना चाहिए कि आगे क्या होगा।' राज ठाकरे के गगरानी का मतलब मुंबई के नगर निगम आयुक्त भूषण
गगरानी से है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव