Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


पुलिस को गुमराह करने को लिखाई गुमशुदगी, आंगन में ही कर दिया शव को दफन
झांसी, 20 फ़रवरी (हि.स.)। झांसी के प्रेम नगर थाना क्षेत्र में खून के संबंधों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना प्रकाश में आई है ,जहां एक भाई ने अपने सगे भाई की विवाद के बाद गुस्से में आकर न केवल सिर पर फावड़ा मारकर हत्या कर दी, बल्कि साक्ष्य छुपाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए उसकी गुमशुदगी दर्ज कराते हुए उसके शव को भी आंगन में ही गड्ढा खोदकर गाड़ दिया। उसके मामा द्वारा संदेह जाहिर किये जाने के बाद हरकत में आई पुलिस ने जब आरोपित छोटे भाई को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो तोते की तरह उसने सब बता दिया।
तहकीकात में सामने आया कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र निवासी मुसारिक बेग ने अपने बड़े भाई तारिक बेग की हत्या को अंजाम दिया। उसने 10 फरवरी को हत्या को अंजाम देने के बाद साजिशन प्रेम नगर थाना में अपने बड़े भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट 15 फरवरी को दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में मुसारिक के रिश्तेदारों और पड़ोसियों से भी बात हुई। इस पूरे मामले पर मुसारिक के मामा मोहम्मद सलीम ने पुलिस को बताया कि संभवतः मुसारिक ने ही अपने भाई की हत्या की है और अब सच्चाई छुपा रहा है और उसी ने हत्या कर तारिक के शव को भी कहीं छुपा दिया है ।
इस पूरे मामले पर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने शुक्रवार काे बताया कि मुसारिक ने प्रेम नगर थाने में अपने भाई तारिक बेग की गुमशुदगी की रिपोर्ट 15 फरवरी को लिखवाई थी । मामले की जांच के क्रम में मुसारिक के मामा मोहम्मद सलीम ने थाने पहुंचकर इस मामले में मुसारिक के ही शामिल होने का शक जताया जिसके बाद मुसारिक को हिरासत में लिया गया और कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने सारी हकीकत बयां कर दी। उसने बताया कि भाई के साथ हुए विवाद के बाद वह इतने गुस्से में आ गया कि उसने फावड़े से अपने भाई के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और इसके बाद उसने भाई के शव को घर में ही गड्ढा खोदकर दफना भी दिया। शव को गलाने के लिए 100 किग्रा नमक भी डाला गया था।
इस पूरी जानकारी के बाद पुलिस विभाग फॉरेंसिक की टीम और प्रशासन के अन्य आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और घर में खोदे गए गड्ढे को फिर से खोदने का काम किया गया तथा शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मुसारिक को हिरासत में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया