Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। कांग्रेस के छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष राजस्थान के युवा नेता विनोद जाखड़ को नियुक्त किया गया है। इस संबंध में आदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने जारी किए। जाखड़ अब तक एनएसयूआई के राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष थे और वे पूर्व अध्यक्ष वरुण चौधरी का स्थान लेंगे।
जाखड़ की गिनती राजस्थान के उभरते युवा दलित नेताओं में होती है। वे राजस्थान विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में संभावित उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए थे, जिनमें राजस्थान से निर्मल चौधरी भी शामिल थे। विनोद जाखड़ पहले भी सुर्खियों में रहे हैं। 30 सितंबर 2025 को राजस्थान विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शस्त्र पूजन कार्यक्रम के विरोध के दौरान तोड़फोड़ के आरोप में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। करीब 17 दिन जेल में रहने के बाद 17 अक्टूबर 2025 को उन्हें जमानत मिली थी।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार जाखड़ की नियुक्ति कांग्रेस के अंदरूनी सियासी समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उन्हें राजस्थान के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट का समर्थक माना जाता है। ऐसे में इसे पायलट खेमे की राजनीतिक मजबूती के रूप में भी देखा जा रहा है। साथ ही युवा दलित चेहरे को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी देकर पार्टी अपने पारंपरिक सामाजिक आधार को मजबूत करने का संदेश देना चाहती है। विनोद जाखड़ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अब राजस्थान में एनएसयूआई के नए प्रदेशाध्यक्ष को लेकर हलचल तेज हो गई है। संगठन में कई युवा नेता इस पद के दावेदार बताए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश