Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंडी, 20 फ़रवरी (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा जिला प्रशासन मंडी के सहयोग से रोड सेफ्टी जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सेरी मंच से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली सेरी मंच से प्रारंभ होकर मंगवाई, चक्कर और नेरचौक होते हुए डडौर में संपन्न हुई। रैली में 50 बाइक और 25 कारों ने भाग लिया। सभी वाहन चालक निर्धारित गति और पूर्ण सुरक्षा मानकों के साथ वाहन चलाते हुए नजर आए। रैली को हरी झंडी दिखाने के उपरांत विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग को इस सार्थक पहल के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के लगभग हर घर में कोई न कोई वाहन है, लेकिन सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता उतनी नहीं है जितनी होनी चाहिए। ऐसी रैलियां समाज में जिम्मेदारी और सतर्कता का भाव उत्पन्न करती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन औसतन लगभग 6 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज होती हैं, जिनमें करीब 2 लोगों की मृत्यु तथा लगभग 9 लोग घायल होते हैं। यह केवल आंकड़े नहीं, बल्कि अनेक परिवारों के जीवन से जुड़ी पीड़ा है।
उन्होंने बताया कि अधिकांश दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण ओवरस्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाना, गलत दिशा में वाहन चलाना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग है। विशेष रूप से चिंता का विषय यह है कि लगभग 70 प्रतिशत हादसे 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के लोगों से जुड़े होते हैं, जो समाज की युवा शक्ति है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों और कानूनों का अक्षरशः पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तेज गति से परहेज करें, वाहन की नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित करें, राष्ट्रीय एवं राज्य उच्च मार्गों पर अपनी लेन में चलें, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, रात्रि में लो बीम का उपयोग करें तथा नींद, थकान या तनाव की स्थिति में वाहन न चलाएं।
उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि अपने और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं। सुरक्षित रहें, सजग रहें, क्योंकि जीवन अनमोल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा