Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंदसौर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम बेहपुर में 126 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इनमें से 60 जोड़ों ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में साधु-संतों का सान्निध्य प्राप्त हुआ।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, नानालाल अटोलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, वर-वधू के परिजन एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि विवाह हमारी संस्कृति की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, जो समाज और परिवार की आधारशिला है। सामूहिक विवाह सम्मेलन आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए सहयोग और संबल का प्रतीक हैं। सरकार गरीब परिवारों के साथ मित्र बनकर सदैव खड़ी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा के 16 संस्कारों में पाणिग्रहण संस्कार अत्यंत पवित्र एवं महत्वपूर्ण है। विवाह दो परिवारों और दो संस्कारों का मिलन है। यह संस्कार हमारी संस्कृति एवं परंपरा की गरिमा को दशार्ता है। विवाह के माध्यम से कन्या अपने नए जीवन की शुरूआत करती है और माता-पिता का आशीर्वाद उसके जीवन को नई दिशा देता है।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य बेटियों को सम्मानपूर्वक विदा करने के साथ-साथ उनके नए जीवन की शुरूआत को आर्थिक संबल प्रदान कर सशक्त आधार देना है। कार्यक्रम के अंत में सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दी गईं तथा उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर एवं सुखमय जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया