Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पौड़ी गढ़वाल, 20 फ़रवरी (हि.स.)।जनपद में बाल संरक्षण एवं पुनर्वास के प्रति संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन व जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत एक पीड़िता बालिका को तीन माह का पुष्टाहार उपलब्ध कराया गया।
जिला परिवीक्षा अधिकारी ने बताया कि उक्त बालिका थलीसैंण विकासखंड की निवासी है तथा उसका परिवार आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर स्थिति में जीवनयापन कर रहा है। बालिका के समुचित पोषण, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं पुनर्वास को ध्यान में रखते हुए यह सहायता प्रदान की गई, जिससे उसके शारीरिक एवं मानसिक विकास को संबल मिल सके। जिला परिवीक्षा अधिकारी ने बताया कि विभाग का उद्देश्य केवल विधिक प्रक्रिया तक सीमित नहीं है, बल्कि पीड़ित बालिकाओं के समग्र पुनर्वास, पोषण, परामर्श एवं सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना भी प्राथमिकता में शामिल है।
उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा पीड़िता एवं उसके परिवार को भविष्य में भी विभिन्न शासकीय कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ते हुए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम उपस्थित रही। साथ ही सपोर्ट पर्सन मालती देवी द्वारा परिवार से समन्वय स्थापित कर सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। जनपद प्रशासन की इस मानवीय पहल से बाल संरक्षण तंत्र की संवेदनशीलता एवं सक्रियता का परिचय मिला है, जिससे समाज में पीड़ित बच्चों के संरक्षण एवं पुनर्वास के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह