कालाढूंगी में झगड़ा व फायरिंग प्रकरण का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
नैनीताल, 20 फ़रवरी (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर कालाढूंगी क्षेत्र में हुई लड़ाई-झगड़ा और फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध प
पुलिस की गिरफ्त में आरोपित


नैनीताल, 20 फ़रवरी (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर कालाढूंगी क्षेत्र में हुई लड़ाई-झगड़ा और फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध पिस्टल, 1 तमंचा तथा 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी ने पुलिस टीम को 1500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया।

14 फरवरी 2026 की रात्रि डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि हल्द्वानी रोड पर बैलपोखरा गांव तिराहे के पास कुछ व्यक्तियों के बीच झगड़ा और फायरिंग हुई है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी रामनगर, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल का निरीक्षण कर वीडियोग्राफी की गई और मौके से खोखे बरामद किए गए।

16 फरवरी को वादिनी बलजीत कौर निवासी बच्चीनगर, थाना कालाढूंगी ने रंजीत सिंह, मनदीप सिंह उर्फ मंगा, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी तथा एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध तहरीर दी। तहरीर के आधार पर कोतवाली कालाढूंगी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया तथा विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज जोशी को सौंपी गई।

एसएसपी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पाण्डे के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में टीम गठित कर तलाश शुरू की गई। 20 फरवरी को गडप्पू बैरियर के पास से गुरप्रीत सिंह, रंजीत सिंह और मनदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों को मौके पर बुलाया गया था, जहां गाली-गलौज और मारपीट के दौरान फायरिंग की गई। आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा भी दर्ज किया गया है। रंजीत सिंह के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज जोशी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, उपनिरीक्षक राजवीर सिंह, उपनिरीक्षक राजेश जोशी (एसओजी), उपनिरीक्षक देवेंद्र राणा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी