Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नैनीताल, 20 फ़रवरी (हि.स.)। नैनीताल जनपद के ग्राम पंचायत जंगलिया गांव के पंचायत घर में शुक्रवार को हरीनगर और जंगलिया गांव के महिला समूहों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में सगंध पौधा केंद्र तथा रीप परियोजना के पदाधिकारियों ने सहभागिता की और ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान नैनीताल के जिला प्रभारी शंकर लाल सागर ने सुगंधित पौधों के रोपण, संरक्षण और उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। प्रोजेक्ट एसोसिएट डॉ. मोहित पांडे ने दालचीनी के पौधरोपण और उसके व्यावसायिक उपयोग की जानकारी दी। अभिषेक ने मूल्य संवर्धन और विपणन की संभावनाओं पर चर्चा की। अंजू पांडे और मीना कुल्याल ने रीप परियोजना तथा महिला समूहों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी।
बैठक के दौरान जंगलिया गांव और हरीनगर के 18 महिला समूहों को प्रति समूह औजार किट वितरित किए गए। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने कहा कि ग्रामीणों को अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आजीविका बढ़ानी चाहिए, तभी ऐसे आयोजनों की सार्थकता सिद्ध होगी।
इस अवसर पर ब्लॉक भीमताल से कीर्ति बल्लभ जोशी, क्लस्टर अध्यक्ष रेखा कुल्याल, लीला कुल्याल, ममता आर्य, इंद्रा देवी, भावना देवी, सरोज कुल्याल, हेमा देवी, ममता कुल्याल, कमला देवी, रमा कुल्याल, रीता कुल्याल, मनोज कुल्याल, रोहित पलड़िया, संजय पड़ियार सहित पांच दर्जन से अधिक काश्तकार उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी