एआई इंपैक्ट समिट में प्रदर्शन करना देश की छवि धूमिल करने का प्रयास: मुख्यमंत्री धामी
देहरादून, 20 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि “इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026” जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर नाटकीय प्रदर्शन कर विश्व समुदाय के समक्ष भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास निंदनीय है और इससे कांग्रेस की राष्ट्रविरोधी सो
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।


देहरादून, 20 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि “इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026” जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर नाटकीय प्रदर्शन कर विश्व समुदाय के समक्ष भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास निंदनीय है और इससे कांग्रेस की राष्ट्रविरोधी सोच उजागर होती है।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर बयान जारी कहा कि भारत का विरोध कर देश के दुश्मनों का एजेंडा चलाने वाली कांग्रेस ने करोड़ों देशवासियों के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि हालिया व्यापार समझौतों को लेकर भ्रम फैलाना और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तथा गलवान में वीर जवानों के पराक्रम पर प्रश्न उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब पूरा विश्व भारत की तकनीकी, आर्थिक और सामरिक शक्ति को स्वीकार कर रहा है, तब इस प्रकार की राजनीति देशहित के विपरीत है। मुख्यमंत्री के अनुसार इस तरह के कृत्य केवल कमजोर विपक्ष की मानसिकता नहीं दर्शाते, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति भी असंवेदनशीलता को प्रकट करते हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि देश की जनता ऐसे प्रयासों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी और भारत की प्रतिष्ठा से समझौता किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय