Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बरेली, 20 फरवरी (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली की पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला पुलिसकर्मियों को शुक्रवार को क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. इंतजार हुसैन ने टीबी के लक्षण, जांच, उपचार और बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, बुखार, वजन कम होना और रात में पसीना आना टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच करानी चाहिए।
डॉ. हुसैन ने कहा कि टीबी पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है, बशर्ते मरीज नियमित रूप से दवा का सेवन करे। उन्होंने निक्षय पोषण योजना के बारे में बताते हुए कहा कि उपचार अवधि के दौरान टीबी मरीजों को प्रति माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, ताकि पोषण स्तर बेहतर रखा जा सके।
जिला कार्यक्रम समन्वयक निखिल बंसल और जिला पीपीएम समन्वयक विजय कुमार ने भी प्रशिक्षुओं को टीबी मरीजों को “एडॉप्ट” करने की प्रक्रिया समझाई और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉक स्तर पर भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में मौजूद प्रशिक्षुओं ने टीबी उन्मूलन की मुहिम में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार