Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अनूपपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपर जिले के कोतवानी थाना अंतर्गत लखनपुर गांव के जंगल में 15 दिन पूर्व मृत भालू के शरीर से नाखून काटकर ले जाने वाले तीन आरोपितों को वन विभाग ने गिरफ्तार कर उनके पास से नाखून,टांगिया एवं दो पहिया वाहन को जब्त किया हैं। तीनों आरोपितो को शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
वन परिक्षेत्र अधिकारी स्वर्ण गौरव सिंह ने बताया कि 19 फरवरी की रात मुखबिर से सूचना मिलने पर वन परिक्षेत्र अनूपपुर के अगरियानार बीट अंतर्गत लखनपुर गांव से लगे जंगल में गुफा में भालू लगभग 15 दिनों के प्राकृतिक कारणों से मृत स्थिति में पड़ा था जिसके शरीर के अंगों को जंगली जानवरों द्वारा खाया गया। इसी बीच लखनपुर गांव के कुछ लोगों ने मृत भालू के एक पैर के नाखून काट, एवं बाल को ले गए थे। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खोजबीन करने दौरान तीन आरोपित 48 वर्षीय जगदीश पुत्र जयसिंह नायक, 35 वर्षीय राजेंद्र पुत्र जेठू कोल दोनों निवासी घोघराटोला एवं 43 वर्षीय दीप नारायण पुत्र मोतीलाल कोल निवासी लखनपुर मृत भालू के नाखूनों एवं बाल को काटने वाला औजार टांगी एवं एक दो पहिया वाहन जप्त कर आरोपितों के विरुद्ध वन अपराध वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के विभिन्न धाराओं के तहत कार्यवाही करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला