Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लखनऊ, 20 फरवरी (हि.स.)। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों में बढ़ता तनाव, चिंता, अनिद्रा तथा मानसिक दबाव एक गंभीर सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी विषय बनता जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ, त्वरित एवं गोपनीय रूप से उपलब्ध कराने के लिए (टेली-मानस) पहल को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। यह जानकारी शुक्रवार काे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उ०प्र० की निदेशक डा० पिंकी जोवल ने दी।
उन्होंने बताया टेली मानस सेवा 24×7 टोल-फ्री हेल्पलाइन 14416 एवं 18008914416 पर प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है। यह सेवा छात्रों सहित सभी आयुवर्ग के नागरिकों को निःशुल्क, गोपनीय एवं विशेषज्ञ मानसिक स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराती है। पिछले एक माह से मिशन मोड में Tele-MANAS सेवा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि बच्चों एवं युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े तथा वे तनाव एवं मानसिक दबाव से उबर सकें।राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उ०प्र० की निदेशक डा० पिंकी जोवल ने बताया कि इस सेवा के माध्यम से हम प्रत्येक छात्र-छात्रा तक सहज, निःशुल्क और गोपनीय मानसिक स्वास्थ्य परामर्श पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमें प्रसन्नता है कि परीक्षा अवधि में छात्रों द्वारा इस सेवा का उपयोग उल्लेखनीय रूप से बढ़ा है। यह दर्शाता है कि युवा अब मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे रहे हैं। हमारा उद्देश्य है कि कोई भी छात्र तनाव या चिंता के कारण अकेला महसूस न करें। 14416/18008914416 पर एक कॉल उन्हें विशेषज्ञ सहायता से जोड़ सकती है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उ०प्र० मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के त्वरित समाधान एवं नवाचार के साथ सुलभ, समावेशी एवं प्रभावी सेवाएँ प्रदान करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।'
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन