सूरजपुर : धान चोरी मामले में विश्रामपुर पुलिस ने दो आरोपित गिरफ्तार किए
सूरजपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। धान चोरी के मामले में थाना विश्रामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। प्रार्थी रामबिलास राजवाड़े, निवासी ग्राम कुम्दा बस्ती, ने थाना विश्रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 18 फरवरी की भो
आरोपित गिरफ्तार


सूरजपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। धान चोरी के मामले में थाना विश्रामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

प्रार्थी रामबिलास राजवाड़े, निवासी ग्राम कुम्दा बस्ती, ने थाना विश्रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 18 फरवरी की भोर लगभग 4 बजे उसके नए घर का ताला तोड़कर 3 क्विंटल धान चोरी कर लिया गया। आरोप है कि उसका बेटा डिगम्बर अपने साथी मुन्ना पैंकरा के साथ पल्सर मोटरसाइकिल से धान बेचने ले जा रहा था, तभी ग्रामीणों के शोर मचाने पर दोनों धान लेकर फरार हो गए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 43/2026 धारा 331(4), 305(ए), 112(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपित डिगम्बर राजवाड़े (उम्र 30 वर्ष), निवासी ग्राम कुम्दा बस्ती एवं मुन्ना पैंकरा (उम्र 22 वर्ष), निवासी फोकटपारा शिवनन्दनपुर, थाना विश्रामपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने दो बार में कुल 8 बोरी धान चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपितों के निशानदेही पर 8 बोरी धान, परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 29 ए 1618 तथा ताला तोड़ने में प्रयुक्त सरिया जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को आज शुक्रवार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में प्रस्तुत किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपित मुन्ना पैंकरा थाना विश्रामपुर क्षेत्र का निगरानी बदमाश है। उसने पूछताछ में बताया कि, जब्त पल्सर मोटरसाइकिल जयनगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसका उपयोग वह घटना में कर रहा था। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रकाश राठौर सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय