Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुवाहाटी, 20 फरवरी (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के निर्देश पर विश्व के सबसे बड़े एआई इम्पेक्ट समिट में हुई कथित घटना ने देश की छवि को धूमिल किया है। पार्टी के प्रवक्ता जयंत कुमार गोस्वामी ने कहा कि यह भारत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपमानित करने की एक सुनियोजित साजिश थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राजनीतिक पोस्टर लेकर सम्मेलन में अनुचित प्रदर्शन करने के लिए उकसाया गया। इस मामले में चार कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी का भी उल्लेख किया गया है। भाजपा ने कहा कि जब विश्वभर के नेता भारत की तकनीकी प्रगति की सराहना कर रहे थे, तब कांग्रेस देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही थी।
प्रदेश भाजपा ने दावा किया कि 100 से अधिक देशों की भागीदारी वाले इस शिखर सम्मेलन में अनेक राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री और वैश्विक कंपनियों के सीईओ शामिल हुए तथा भारत की नेतृत्व क्षमता और नवाचार की प्रशंसा की। पार्टी ने कहा कि इस तरह की घटनाओं के बावजूद सम्मेलन भारत के लिए बड़ी सफलता साबित हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश