Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरजपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। अम्बिकापुर–बनारस मार्ग पर सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध कर जन्मदिन मनाते हुए आतिशबाजी करने के मामले में सूरजपुर पुलिस ने सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। घटना 16 फरवरी की रात्रि लगभग 10 से 11 बजे के बीच सोनवाही स्थित आरव रेस्टोरेंट के सामने की है, जहां आरोपितों ने सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित करते हुए पटाखे फोड़े।
मामले में चौकी लटोरी, थाना जयनगर द्वारा अपराध क्रमांक 54/2026 धारा 285, 126(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर आरोपितों की पतासाजी हेतु दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य एवं सूचना के आधार पर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर आज शुक्रवार को सातों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में अमितेश गुप्ता उर्फ जानू (24 वर्ष), अंशुल अग्रवाल (25 वर्ष), प्रथम अग्रवाल (24 वर्ष), शुभम अग्रवाल (23 वर्ष), महेश साहू (27 वर्ष), निखिल रामा (26 वर्ष) सभी निवासी अम्बिकापुर तथा अरुण देवांगन (39 वर्ष) निवासी लटोरी शामिल हैं।
जांच में पाया गया कि आरोपितों ने सार्वजनिक स्थल पर खतरनाक तरीके से वाहन खड़े कर अनावश्यक बाधा उत्पन्न की तथा पटाखे फोड़े। इसके चलते धारा 287, 288 बीएनएस एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 201 भी जोड़ी गई। पुलिस ने दो चारपहिया वाहन भी जब्त किए हैं।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी लटोरी सहित पुलिस टीम एवं साइबर सेल की सक्रिय भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय