पुलिस लाइन में गूंजा सायरन, दंगा नियंत्रण की तैयारियों का व्यापक प्रदर्शन
धमतरी, 20 फ़रवरी (हि.स.)।जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा पुलिस लाइन धमतरी में शुक्रवार को व्यापक एवं योजनाबद्ध बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस अ
प्रदर्शन करते हुए पुलिस के जवान।


धमतरी, 20 फ़रवरी (हि.स.)।जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा पुलिस लाइन धमतरी में शुक्रवार को व्यापक एवं योजनाबद्ध बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में रक्षित निरीक्षक के नेतृत्व में विभिन्न दलों ने दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और त्वरित वैधानिक कार्यवाही का व्यवहारिक प्रदर्शन किया।

ड्रिल का उद्देश्य पुलिस बल को आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वित कार्रवाई, आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा विधिसम्मत बल प्रयोग के संबंध में प्रशिक्षित करना रहा। राजपत्रित अधिकारियों की उपस्थिति में कमांड एंड कंट्रोल प्रणाली, वायरलेस समन्वय तथा अंतरदल तालमेल की प्रभावी परीक्षा भी की गई।

संपूर्ण ड्रिल अनुशासित, समन्वित और योजनाबद्ध तरीके से संपन्न हुई।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नियमित परेड के साथ-साथ पुलिस बल को सतत प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसमें योग अभ्यास, दंगा नियंत्रण तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण और विधिक ज्ञानवर्धन हेतु प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी शामिल हैं, जिससे पुलिस बल की शारीरिक, मानसिक और पेशेवर दक्षता में निरंतर वृद्धि हो सके। ड्रिल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीएसपी धमतरी, एसडीओपी कुरुद, डीएसपी मुख्यालय, डीएसपी यातायात, डीएसपी एसजेपीयू, एसडीओपी नगरी सहित समस्त थाना-चौकी प्रभारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार के नियमित प्रशिक्षण और सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था प्रभावी रूप से कायम रखी जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा