Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


अनूपपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपर जिले में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन जिला मुख्यालय के उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में हुई इस भिड़ंत में पुष्पराजगढ़ की टीम ने अपने शानदार खेल के दम पर बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में जिले के अनूपपुर, कोतमा, जैतहरी और पुष्पराजगढ़ विकासखंड की टीमों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बाद आदिवासी अंचल पुष्पराजगढ़ की टीम विजेता बनी, जबकि कोतमा की टीम दूसरे और जैतहरी की टीम तीसरे स्थान पर रही। मेजबान अनूपपुर की टीम को चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा और उन्हें सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
विजेताओं पर हुई इनामों की बौछार
समापन समारोह में विजेता टीमों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। प्रथम आई पुष्पराजगढ़ की टीम को 21 हजार रुपये, दूसरे नंबर की कोतमा टीम को 11 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रही जैतहरी की टीम को 5100 रुपये दिए गए। चौथे स्थान पर रही अनूपपुर की टीम को भी 1100 रुपये का पुरस्कार मिला। सभी खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र बांटे गए।
कबड्डी को नई ऊंचाई पर ले जाने की पहल
जिला पंचायत सीईओ अर्चना ने बताया कि यह प्रतियोगिता 'राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान' के तहत एक नई पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में कबड्डी के प्रति रुचि जगाना है। प्रशासन चाहता है कि जिले के खिलाड़ी फुटबॉल की तरह कबड्डी में भी निखरकर सामने आएं और जिला और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।
दिग्गज हस्तियों ने किया सम्मानित
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त रामलाल रौतेल और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल को सफल बनाने वाले रेफरी और प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला