Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


अजमेर, 20 फरवरी (हि.स.)। अजमेर जिले के एनएच-8 से जुड़े मांगलियावास थाना क्षेत्र अंतर्गत भीमपुरा गांव में शुक्रवार को खेत में छिपे पैंथर ने 14 वर्षीय बालक फरजान और 60 वर्षीय बुजुर्ग शमी मोहम्मद पर घात लगाकर हमला कर दिया। दोनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जवाहर लाल नेहरू अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव पहाड़ी इलाके की तलहटी में बसा है, जहां जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। सुबह एक जेसीबी चालक ने खेत में पैंथर की गतिविधि देखी और ग्रामीणों को सूचना दी। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण खेत पर एकत्र हो गए। गेहूं की खड़ी फसल के बीच पैंथर छिपा बैठा था।
ग्रामीण पगमार्क देखते हुए आगे बढ़ रहे थे, तभी पैंथर ने अचानक फरजान पर हमला कर दिया। शोर मचने पर वह भाग निकला। घायल बालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर वन विभाग और मांगलियावास थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की टीम छोटा पिंजरा लेकर पहुंची। पैंथर को हांक कर पिंजरे के पास तक लाया गया, लेकिन वह उसमें फंस नहीं सका और इस दौरान उसने बुजुर्ग शमी मोहम्मद पर हमला कर दिया, जिससे उनकी गर्दन पर गहरा घाव हो गया। बाद में पैंथर खेतों में छिप गया।
मांगलियावास थाना प्रभारी राम स्वरूप ने बताया कि वन विभाग की टीम ट्रेंक्यूलाइजर गन के साथ मौके पर है और ड्रोन कैमरे की मदद से पैंथर की तलाश की जा रही है। गेहूं की खड़ी फसल और ग्रामीणों की भीड़ के कारण रेस्क्यू कार्य में दिक्कत आ रही है। पिंजरा भी लगाया गया है और लगातार प्रयास जारी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष