अंगदान महादान, समाज की भ्रांतियां दूर करना जरूरी : डॉ. अनुराग मेहरोत्रा
कानपुर, 20 फरवरी (हि.स.)। अंगदान महादान है और इससे अनेक जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है। समाज में फैली भ्रांतियों को दूर कर अधिक से अधिक लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करना समय की जरूरत है। इसी उद्देश्य से आईएमए कानपुर द्वारा “आईएमए ऑर्गन ड
पत्रकार वार्ता के दौरान आई एम ए के चिकित्सक


कानपुर, 20 फरवरी (हि.स.)। अंगदान महादान है और इससे अनेक जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है। समाज में फैली भ्रांतियों को दूर कर अधिक से अधिक लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करना समय की जरूरत है। इसी उद्देश्य से आईएमए कानपुर द्वारा “आईएमए ऑर्गन डोनेशन अवेयरनेस कार रैली 2026 – Docs on Wheels” का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी शुक्रवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

इस सम्बंध में आईएमए भवन, परेड, कानपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में रैली की विस्तृत जानकारी दी गई। यह कार रैली रविवार को आयोजित की जाएगी। रैली का फ्लैग ऑफ दिल्ली पब्लिक स्कूल, मैनावती मार्ग से किया जाएगा। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी और आमजन को अंगदान के महत्व के प्रति जागरूक करेगी। रैली में चिकित्सकगण अपने परिवारों के साथ भाग लेंगे।

आयोजन समिति के चेयरमैन डॉ. देबाशीष देबरॉय ने बताया कि रैली को आकर्षक बनाने के लिए ओवरऑल विनर, प्रथम व द्वितीय उपविजेता, बेस्ट लेडी ड्राइवर, बेस्ट ऑल लेडी क्रू, बेस्ट स्लोगन, बेस्ट थीम डेकोरेटेड कार, सीनियर मोस्ट पार्टिसिपेंट, ट्रेजर हंट और क्विज जैसी प्रतियोगिताएं रखी गई हैं। प्रथम 25 पंजीकरण कराने वाले प्रतिभागियों के लिए विशेष लकी ड्रॉ भी होगा।

आयोजन समिति के को-चेयरमैन डॉ. संजय सिंहवी ने बताया कि प्रतिभागियों के लिए आज आईएमए ऑडिटोरियम में ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया। आईएमए कानपुर की सांस्कृतिक सचिव डॉ. रेणु सिंह गहलोत ने बताया कि कार रैली के बाद रात्रि आठ बजे कानपुर क्लब कैंट में पुरस्कार वितरण समारोह एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें स्टार ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति भी होगी।

पत्रकार वार्ता में आईएमए कानपुर के सचिव डॉ. शालिनी मोहन, वित्त सचिव डॉ. विशाल सिंह, क्रीड़ा सचिव डॉ. विकास श्रीवास्तव, प्रोग्राम को ऑर्डिनेटर डॉ. नंदिनी रस्तोगी, डॉ. सी. निहलानी, डॉ. अमित सिंह गौर, डॉ. देवज्योति देबरॉय एवं डॉ. स्मिता सिंह (संयुक्त सांस्कृतिक सचिव) सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप