मासूम की हत्या, मौसी पर गला दबाने का आरोप
नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में डेढ़ साल के मासूम की कथित हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्चे की मौसी ने पार्क में उसका गला दबा दिया। बच्चे को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने
मासूम की हत्या, मौसी पर गला दबाने का आरोप


नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में डेढ़ साल के मासूम की कथित हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्चे की मौसी ने पार्क में उसका गला दबा दिया। बच्चे को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे मुखर्जी नगर थाने में एक सूचना मिली कि एसएफएस फ्लैट्स स्थित पार्क में एक महिला ने 1 वर्ष 9 माह के बच्चे की हत्या कर दी है। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि महिला की पहचान अजरा (30) के रूप में हुई है, जो मृतक की मौसी बताई जा रही है। बताया गया कि मृतक सीलमपुर निवासी हादी अपनी मां उजमा के साथ रमजान के दौरान ननिहाल एसएफएस फ्लैट्स आया हुआ था। इसी दौरान पार्क में यह घटना हुई। बच्चे के मामा ने पुलिस को फोन कर सूचना दी। स्थानीय लोगों ने बच्चे को आरोपित महिला के चंगुल से छुड़ाया और तुरंत नूलाइफ अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपित महिला अचेत अवस्था में मिली, जिसे बाबू जगजीवन राम स्मारक अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी