Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खंडवा, 20 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में रक्तदान के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से तीर्थस्थल ओंकारेश्वर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जिला प्रशासन एक नई पहल शुरू करने जा रहा है। इसके तहत ओंकारेश्वर में रक्तदान करने पर ज्योतिर्लिंग मंदिर में वी.आई.पी. प्रोटोकॉल अनुसार दर्शन करने की निशुल्क सुविधा उपलब्ध होगी।
खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में जो भी दर्शनार्थी इस सुविधा का लाभ लेना चाहते हैं, वे ओंकारेश्वर में पहले रक्तदान करें और फिर निशुल्क प्रोटोकॉल दर्शन सुविधा का लाभ लें। उन्होंने कहा कि दर्शन के साथ साथ रक्तदान भी एक पुण्य कार्य है।
खंडवा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी जुगतावत ने बताया कि मंगलवार, 24 फरवरी से ओंकारेश्वर में रक्तदान एवं निःशुल्क वी.आई.पी दर्शन की यह व्यवस्था प्रारंभ की जा रही है। यह सुविधा हर सप्ताह में मंगलवार व शनिवार को उपलब्ध रहेगी। ओंकारेश्वर में मंगलवार व शनिवार को जिला चिकित्सालय खण्डवा से रक्तदान कलेक्शन वाहन व टीम उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि 18 से 60 वर्ष का कोई भी स्वस्थ व्यक्ति जिसका वजन 45 किलो या अधिक हो, वह रक्तदान कर सकता है। डॉ. जुगतावत ने नागरिकों से अपील की है कि रक्तदान अवश्य करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर