Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भाेपाल, 20 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह इस्तीफा उन्होंने शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार को सौंपा है।
अपने इस्तीफा पत्र में हेमंत कटारे ने लिखा है कि वे पारिवारिक दायित्वों और अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे थे। इसी कारण उन्होंने उपनेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी छोड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन जिसे चाहे इस पद की जिम्मेदारी सौंप सकता है और वे पार्टी को पूरा सहयोग देते रहेंगे।
मैरिज एनिवर्सरी के दिन लिया बड़ा फैसला
दिलचस्प बात यह है कि जिस दिन उन्होंने इस्तीफा भेजा, उसी दिन उनकी मैरिज एनिवर्सरी भी है। वे शाम करीब 4 बजे तक विधानसभा की कार्यवाही में मौजूद रहे, लेकिन उसके बाद अचानक बाहर आ गए और अपने क्षेत्र अटेर के लिए रवाना हो गए।
संगठन ने की इस्तीफे की पुष्टि
कांग्रेस संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले ने जानकारी देते हुए बताया कि हेमंत कटारे ने अपने इस्तीफे में पारिवारिक जिम्मेदारियों और समय की कमी का उल्लेख किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह इस्तीफा केवल उपनेता प्रतिपक्ष पद से है, पार्टी की सदस्यता से नहीं। उन्होंने कहा कि इस्तीफा स्वीकार किया जाए या नहीं, इसका अंतिम निर्णय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के विवेक पर निर्भर करेगा।कटारे के इस्तीफे से प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वे पार्टी के साथ पूरी निष्ठा से जुड़े रहेंगे, लेकिन उपनेता प्रतिपक्ष पद से उनका हटना विधानसभा की रणनीति पर असर डाल सकता है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी नेतृत्व उनका इस्तीफा स्वीकार करता है या उन्हें मनाने की कोशिश करता है।
राजनीतिक पृष्ठभूमि
हेमंत कटारे 2023 के विधानसभा चुनाव में अटेर सीट से भाजपा के पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया को 20,228 वोटों से हराकर विधायक बने थे। वे पूर्व नेता प्रतिपक्ष और पूर्व गृह मंत्री रहे सत्यदेव कटारे के पुत्र हैं। कटारे पहली बार 2013 में विधायक बने थे। 2018 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन 2023 में उन्होंने मजबूत वापसी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे