Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 20 फरवरी (हि.स.)। लोकतंत्र की मजबूती के लिए अधिक से अधिक युवाओं का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। भाजपा कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर मतदाता जागरूकता का कार्य करेंगे और नए मतदाताओं को जोड़कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाएंगे। यह बातें शुक्रवार को भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कार्यकर्ताओं से कही।
भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं ‘मन की बात’ की क्षेत्रीय टोली की बैठक में भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर घर-घर सम्पर्क कर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता बनाने का अभियान तेज करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के उपरांत क्षेत्र के सभी 17 जिलों में बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के पदाधिकारी अपने-अपने बूथ पर कम से कम 10 नए युवाओं को मतदाता बनाने का संकल्प लें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ क्षेत्र में एक-एक घर जाकर सम्पर्क करे और यह सुनिश्चित करे कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका कोई भी युवा मतदाता बनने से वंचित न रहे।
बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी, सुनील तिवारी, पवन प्रताप सिंह, अनूप अवस्थी, हर्ष द्विवेदी, रीता शास्त्री, वीरेंद्र तिवारी, आलोक शुक्ला, पवन पांडे, सचिन गौड़ सहित अन्य क्षेत्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान अभियान की रूपरेखा तय की गई, जिलावार जिम्मेदारियां सौंपी गईं और बूथ स्तर पर मॉनिटरिंग व्यवस्था को मजबूत करने पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप