विरार-नालासोपारा में फ्लाईओवर और कंक्रीट सड़क कार्य को लेकर एमएमआरडीए की बैठक
मुंबई, 20 फरवरी, (हि. स.)। मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग से विरार और नालासोपारा स्टेशनों को जोड़ने वाली दोनों कंक्रीट सड़कों के साथ-साथ विराटनगर और ओसवाल नगरी में रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण अब युद्ध स्तर पर किया जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड
बैठक के दौरान विधायक और अधिकारी।


मुंबई, 20 फरवरी, (हि. स.)। मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग से विरार और नालासोपारा स्टेशनों को जोड़ने वाली दोनों कंक्रीट सड़कों के साथ-साथ विराटनगर और ओसवाल नगरी में रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण अब युद्ध स्तर पर किया जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के 'वार रूम' के निर्देशों और भाजपा विधायक राजन नाईक के निरंतर प्रयासों के बाद, एमएमआरडीए की समीक्षा बैठक में इन कार्यों को 'सर्वोच्च प्राथमिकता' देने का निर्णय लिया गया है।वसई-विरार शहर महानगरपालिका क्षेत्र में विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने महामुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉर्पोरेशन की प्रबंध निदेशक रुबल अग्रवाल को एमएमआरडीए के वसई और पालघर क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी अध्यक्षता में मुंबई में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में इन परियोजनाओं की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि विरार और नालासोपारा स्टेशन तक पहुंचने वाली मुख्य सड़कों का कंक्रीटीकरण और विराटनगर-ओसवाल नगरी फ्लाईओवर के काम को सबसे पहले पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही वसई तालुका में यातायात की समस्या को हल करने के लिए 'रिंग रूट' बनाने हेतु विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दिए गए हैं।विधायक राजन नाईक के नेतृत्व में हुई इस बैठक में भाजपा के पूर्व जिल्हाध्यक्ष महेंद्र पाटील, एमएमआरडीए के अधीक्षक अभियंता चेतन बेंडाळे, कार्यकारी अभियंता सुरेंद्र शेवाळे, वसई-विरार महानगरपालिका के नगर अभियंता प्रदीप पाचंगे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। विधायक राजन नाईक ने विश्वास जताया है कि एमएमआरडीए के माध्यम से इन लंबित परियोजनाओं को जल्द ही गति मिलेगी, जिससे वसई-विरार के नागरिकों को ट्रैफिक की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार