“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत डीजे संचालकों व होली सामग्री विक्रेताओं की बैठक
नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी कोरबा, 20 फरवरी (हि. स.)। बोर्ड परीक्षाओं और आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस द्वारा विशेष पहल की गई। पुलिस अ
“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत डीजे संचालकों व होली सामग्री विक्रेताओं की बैठक, नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी


नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

कोरबा, 20 फरवरी (हि. स.)। बोर्ड परीक्षाओं और आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस द्वारा विशेष पहल की गई। पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी (भापुसे) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोरबा के सभागार में आज शुक्रवार को डीजे संचालकों और होली सामग्री विक्रेताओं की अलग-अलग बैठक आयोजित की।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों के अध्ययन में किसी भी प्रकार का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाने के लिए शासन के सभी नियमों का कड़ाई से पालन अनिवार्य होगा।

डीजे संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा का सख्ती से पालन करें। रात्रि 10 बजे के बाद डीजे या ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन पूर्णतः बंद रखा जाए, जब तक कि विधिवत विशेष अनुमति प्राप्त न हो। ध्वनि स्तर निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक नहीं होना चाहिए। परीक्षा केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों के आसपास विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर उपकरण जप्ती, लाइसेंस निरस्तीकरण और प्रकरण पंजीबद्ध किए जाने जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इसी प्रकार होली सामग्री विक्रेताओं को भी सख्त निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार के मुखौटे (मास्क) की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। आपत्तिजनक, अश्लील अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री का विक्रय नहीं किया जाएगा। हानिकारक रासायनिक रंग या स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह पदार्थों की बिक्री पर भी पूर्ण रोक रहेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी दुकान में प्रतिबंधित सामग्री पाई गई तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उपस्थित सभी डीजे संचालकों और व्यापारियों ने नियमों का पालन करने तथा पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों, आयोजकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखें और होली पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। अभियान के अंतर्गत जिले में सतत निगरानी रखी जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी