Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अररिया, 20 फरवरी(हि.स.)।जिले के भरगामा थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक महिला की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें ब्रेन हेमरेज होने के बाद बेहतर इलाज के लिए नेपाल स्थित न्यूरो अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मौजहा वार्ड संख्या दो निवासी संजय शर्मा के पुत्र सनोज कुमार ने भरगामा थाना में लिखित आवेदन देकर 12 लोगों को नामजद आरोपित बनाया है। आवेदन में कहा गया है कि गुरुवार देर शाम वह अपनी जमीन से संबंधित कागजात सर्वे अमीन को दिखाने गए थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने आपत्ति जताई और देखते ही देखते 10 से 15 लोगों की भीड़ ने लाठी-डंडा और लोहे के रॉड से हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने सनोज कुमार की मां पिंकी देवी पति संजय शर्मा के सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं सोनू शर्मा के कंधे पर लाठी से प्रहार किया गया, जिससे उनका कंधा टूट गया। सनोज कुमार के सिर पर भी रॉड से हमला कर दिया गया, जिससे उनका सिर फट गया और हाथ में गंभीर चोट आई।
पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उनके हाथ से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा उनकी मां के गले से चांदी की मोटी चेन छीन ली।
घटना के दौरान मचे शोर-शराबे को सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर घायलों को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। सभी घायलों को तत्काल भरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अररिया सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल में जांच के दौरान पिंकी देवी की हालत अत्यंत चिंताजनक पाई गई। चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तुरंत नेपाल स्थित न्यूरो अस्पताल भेजा गया।
इधर, सनोज कुमार ने भरगामा थाना में आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांचोपरांत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो चुकी थी। फिलहाल पुलिस क्षेत्र में नजर बनाए हुए है और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर