Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुवाहाटी, 20 फ़रवरी (हि.स.)। हाल ही में घोषित असम लोक सेवा आयोग (एपीएससी) 2024 की मुख्य परीक्षा के परिणामों में राजधानी गुवाहाटी के पांडु टेम्पलघाट इलाके के एक गरीब परिवार के मेधावी छात्र कृष्ण दास ने 41वां स्थान (इंस्पेक्टर ऑफ टेक्स) प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बड़े पांडु क्षेत्र से एपीएससी परीक्षा में इस प्रकार की पहली उल्लेखनीय सफलता मिलने से इलाके में खुशी का माहौल व्याप्त है।
कृष्ण दास के पिता अशोक दास पेशे से मजदूर हैं। उनकी माता अनिमा दास घर-घर जाकर आवश्यक वस्तुएं बेचती हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने के बावजूद कृष्ण दास ने अटूट लगन और कठोर परिश्रम के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। वर्ष 2021 में उन्होंने असम अभियंत्रण महाविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद 2022 और 2023 में एपीएससी संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा की मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण कर साक्षात्कार में भी भाग लिया। अंततः तीसरे प्रयास में, 2024 की मुख्य परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उन्होंने अपना सपना साकार किया।
उल्लेखनीय है कि कृष्ण दास ने बिना किसी औपचारिक कोचिंग के यह सफलता अर्जित की। उन्होंने बताया कि उनकी सफलता के पीछे उनके माता-पिता और आसपास के लोगों का सबसे बड़ा योगदान और प्रेरणा रही है।
उनके निवास स्थान पर गुवाहाटी नगर निगम के 7 नंबर वार्ड के पार्षद अजय चक्रवर्ती, भाजपा जालुकबाड़ी मंडल समिति के अध्यक्ष पियाल शंकर डे तथा जालुकबाड़ी थाना केंद्रीय नागरिक समिति के अध्यक्ष द्विजेन लहकर के नेतृत्व में भाजपा और नागरिक समिति के कार्यकर्ता उपस्थित होकर उन्हें और उनके माता-पिता को सम्मानित किया। इस अवसर पर श्यामल भट्टाचार्य, जतिंद्र दास, जितुमणि दास और चंपा दास भी उपस्थित रहे।
सम्मान के उत्तर में कृष्ण दास ने नई पीढ़ी को संदेश देते हुए कहा कि अच्छे परिणाम के लिए धैर्य और एकाग्रता के साथ अध्ययन करना अत्यंत आवश्यक है। उनकी इस सफलता पर क्षेत्रवासियों ने खुशी मनाई और विभिन्न वर्गों से उन्हें बधाइयां दी गईं।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर