Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अररिया 20 फरवरी(हि.स.)।जिले के भरगामा थाना क्षेत्र के शंकरपुर से दो माह पूर्व रहस्यमय ढंग से लापता हुई युवती को भरगामा पुलिस ने रानीगंज थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया है। बरामदगी के बाद युवती को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया।
जानकारी के अनुसार, भरगामा थाना क्षेत्र के शंकरपुर वार्ड संख्या 5 निवासी स्वाति कुमारी 28 दिसंबर 2025 की रात अचानक घर से लापता हो गई थी। इस संबंध में युवती के भाई अभिषेक कुमार ने थाना में आवेदन देकर अपहरण की आशंका जताई थी।
दिए गए आवेदन में बताया गया कि उनके पिता अशोक यादव मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। घटना की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद सोने चले गए। देर रात करीब एक बजे जब उनकी मां शौच के लिए उठीं तो स्वाति के कमरे का दरवाजा खुला पाया और वह कमरे में मौजूद नहीं थी। इसके बाद परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया था कि खोजबीन के दौरान एक स्थानीय महिला ने जानकारी दी कि रानीगंज थाना क्षेत्र के दिवान टोला निवासी हरिओम कुमार यादव पिता- राजकुमार यादव देर रात तक मोबाइल पर बात करते हुए घर के आसपास घूम रहा था
परिवार का आरोप था कि हरिओम कुमार यादव ने शादी की नीयत से स्वाति कुमारी को बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया है। आवेदन में संबंधित व्यक्तियों की संलिप्तता की आशंका जताते हुए युवती की शीघ्र बरामदगी एवं दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई थी।
मामले में भरगामा थाना कांड संख्या 02/26 दर्ज की गई थी। अनुसंधानकर्ता एसआई रंजना गुप्ता के नेतृत्व में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की गई। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रानीगंज थाना क्षेत्र में दबिश दी और युवती को बरामद कर लिया।
पुलिस द्वारा बरामद युवती का चिकित्सकीय परीक्षण कराए जाने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर