Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धर्मशाला, 20 फ़रवरी (हि.स.)। अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु पुलिस जिला नूरपुर द्वारा खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत निरंतर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में शुक्रवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा विशेष चेकिंग एवं नाकाबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में 4 ट्रैक्टर और 3 टिप्पर के चालान किए गए।
इस दौरान पुलिस चौकी रे के तहत 1 ट्रैक्टर और थाना इंदौरा के अधिकार क्षेत्र मंड में 2 ट्रैक्टर के चालान किये गए। इसी तरह पुलिस चौकी कंडवाल, थाना नूरपुर के अधिकार क्षेत्र के नगाबाड़ी में 2 टिप्पर, थाना फतेहपुर के अधिकार क्षेत्र रियाली मंड में 1 टिप्पर तथा पुलिस चौकी कोटला, थाना जवाली के अधिकार क्षेत्र कोटला में 1 ट्रैक्टर के चालान किये गए।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि जो 7 वाहन अवैध खनन में संलिप्त पाए गए, उक्त सभी वाहनों के विरुद्ध चालान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया