Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धर्मशाला, 20 फ़रवरी (हि.स.)। नगरोटा का राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय यहां की बेटियों के भविष्य को संवारने का महत्वपूर्ण काम कर रहा है। यह उद्गार पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगरोटा के फेयरवेल समारोह में बतौर मुख्य अतिथि किए। इस मौके पर उन्होंने विद्यालय की बेटियों के लिए नवनिर्मित डिजिटल बाल एवं किशोर लाइब्रेरी का भी उद्घाटन किया। उन्होंने विद्यालय की बेटियों को फेयरवेल समारोह के लिए बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा इस विद्यालय ने हजारों बेटियों के भविष्य को संवारा है जो आज बड़े पदों तक पहुंचीं हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पुस्तकालय खुलने से अब यहां बेटियों को और बेहतर सुविधा मिलेगी और पढ़ाई के साथ परीक्षाओं की तैयारी करने का और मौका मिलेगा। उन्होंने कहा इस विद्यालय को कोएजुकेशन विद्यालय बनाया गया है।
उन्होंने कहा नगरोटा विस क्षेत्र सहित समस्त हिमाचल के स्कूलों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है ताकि विद्यार्थियों को शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बाली ने शिक्षकों को बच्चों की खूबियों व कमियों का आंकलन कर पढाई के तरीके में रचनात्मक बदलाव करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भूमिका न केवल विद्यार्थियों को शिक्षित करने में होती है बल्कि वे उनको सही और गलत के बीच अंतर को समझाने और संवेदनशील नागरिक के रूप में तैयार करने के लिए भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा बेटियों को उच्च शिक्षा के पूर्ण अवसर उपलब्ध करवाना समाज में बदलाव लाने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने और उन्हें पूर्ण अवसर उपलब्ध देने की अपील की। उन्होंने विद्यालय के लिए 10 कंप्यूटर और 20 टेबलेट देने की घोषणा की। विद्यालय की समस्त छात्राओं ने विद्यालय को मर्ज होने से बचाने के लिए आरएस बाली का धन्यवाद किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने मुख्यअतिथि मुख्य अतिथि का संबोधन में अभिवादन किया। विद्यालय की छात्राओं ने अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। मुस्कान मिस स्माइली, रितु मिस ब्यूटीफुल और दिव्या को मिस फेयरवेल चुना गया इन्हें मुख्य अतिथि ने बैच पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी छात्राओं को फेयरवेल और उज्जवल भविष्य की शुभकामनायें दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया