कर्नाटक के लक्कुंडी में नकली सोने के खजाने का झांसा देकर 20 लाख की ठगी, मुख्य आरोपित गिरफ्तार
गदग, 20 फरवरी (हि.स.)। कर्नाटक के गदग जिले के ऐतिहासिक लक्कुंडी गांव में कथित सोने के खजाने की चर्चा के बीच वर्ष 2022 के एक फर्जी खजाना ठगी मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने उत्तराखंड मूल के हजरत मौलवी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार
Arrest


गदग, 20 फरवरी (हि.स.)। कर्नाटक के गदग जिले के ऐतिहासिक लक्कुंडी गांव में कथित सोने के खजाने की चर्चा के बीच वर्ष 2022 के एक फर्जी खजाना ठगी मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने उत्तराखंड मूल के हजरत मौलवी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने खजाना मिलने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये ठग लिए।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में धारवाड़ निवासी बसीराबेगम ने गदग ग्रामीण पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि खजाना दिलाने के नाम पर उनसे धोखाधड़ी की गई। उस समय मामला आगे नहीं बढ़ पाया था। हाल ही में लक्कुंडी गांव में कथित खजाना मिलने की खबरों के बाद 11 फरवरी 2026 को समाजसेवी पीरसाब गौताल ने पुलिस को शिकायत दी और कथित सोने से भरे हंडे का वीडियो भी सौंपा। इसके बाद पुलिस ने मामले की दोबारा जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि आरोपित ने गदग शहर से एक हंडा खरीदा और उसमें सोने जैसे दिखने वाले नकली चॉकलेट बिस्कुट रखकर उसे खजाना बताया। आरोपी ने लक्कुंडी गांव के छोटे बसप्पा और बड़े बसप्पा को विश्वास दिलाया कि जमीन में दबा खजाना मिलने पर करोड़ों रुपये मिलेंगे।

इस झांसे में आकर पीड़ितों से उत्तराखंड से आने-जाने और अन्य खर्चों के नाम पर करीब 20 लाख रुपये वसूल लिए गए। बाद में जमीन में खुदाई का नाटक कर आरोप्त फरार हो गया।

पुलिस जांच में पता चला है कि इस ठगी का शिकार आठ से अधिक लोग हुए हैं, जिनमें दिल्ली और धारवाड़ की महिलाएं भी शामिल हैं। आरोप्त ने नकली सोने के बिस्कुट का इस्तेमाल कर लोगों को खजाना मिलने का विश्वास दिलाया और उनसे मोटी रकम वसूल ली।

गदग जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोहन जगदीश ने बताया कि जांच में नकली सोने के बिस्कुट के जरिए ठगी की पुष्टि हुई है। मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित ने और किन लोगों को निशाना बनाया और क्या इस ठगी में अन्य लोग भी शामिल थे। इस फर्जीवाड़े के सामने आने के बाद प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी खजाने या धन के झांसे में न आने की अपील की है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा