Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल किया गया तैनात
भोपाल/जबलपुर, 20 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से लगभग 40 किलोमीटर दूर सिहोरा तहसील में गुरुवार रात धार्मिक स्थल के पास आरती और अजान को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दुर्गा मंदिर और मस्जिद के बीच उपजे तनाव ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया, जिसके बाद इलाके में कर्फ्यू जैसे हालात बन गए। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। अब तक 49 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, यह घटना सिहोरा तहसील के आजाद चौक के वार्ड नंबर 5 में हुई। विवाद की शुरुआत तब हुई जब मंदिर में आरती और मस्जिद में अजान लगभग एक ही समय पर हो रही थी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई और झड़प में बदल गई। पुलिस के अनुसार मस्जिद से करीब 50-70 युवकों की भीड़ बाहर आई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
दुर्गा मंदिर समिति के सदस्य अंकेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि भीड़ ने मंदिर में घुसने की कोशिश की और उन्हें अंदर से घसीटकर बाहर निकाला गया। इस दौरान उनके साथ मारपीट भी हुई। लगभग 20-25 मिनट तक पथराव चलता रहा, जिसमें मंदिर के कांच टूट गए और कई लोग घायल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मस्जिद में चल रहे निर्माण कार्य के कारण परिसर में रखे पत्थरों का इस्तेमाल पथराव में किया गया।
घटना के अगले दिन यानी आज शुक्रवार को हिंदू संगठनों ने सिहोरा थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने मंदिर के सामने मस्जिद तोड़ने और नमाज पर रोक लगाने की मांग की। कई लोग सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे। वहीं, बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ ठेले भी पलट दिए गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है और इलाके में शांति बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।
बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी अतुल सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय मौके पर पहुंचे। वहीं, खितौला, गोसलपुर, पनागर समेत 12 से अधिक थानों का पुलिस बल तैनात किया गया। इलाके में फ्लैग मार्च किया गया ताकि तनाव को नियंत्रित किया जा सके। एसपी उपाध्याय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल भीड़ को हटा दिया है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत