Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 20 फरवरी (हि.स.)। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा ने शुक्रवार को आदेश जारी कर सिंडिकेट के निर्णय संख्या 27 की पालना में हिंदी विभाग में थार लोक संस्कृति अध्ययन केंद्र की स्थापना के आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार, इस नवगठित अध्ययन केंद्र के संचालन हेतु हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. महिपाल सिंह राठौड़ को अग्रिम आदेश तक निदेशक नियुक्त किया गया है। अब प्रो. राठौड़ अपने मूल दायित्वों के साथ-साथ थार लोक संस्कृति अध्ययन केंद्र का कार्य भी संपादित करेंगे।
प्रो. राठौड़ लंबे समय से लोक साहित्य एवं लोक संस्कृति के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य करते आ रहे हैं। उनकी प्रमुख कृतियां लोक साहित्य की रूपरेखा तथा लोक संस्कृति के विविध आयाम लोक साहित्य के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखती हैं। इसके साथ ही उन्होंने लूर पत्रिका के माध्यम से लोक संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
प्रो. राठौड़ के अनुसार इस अध्ययन केंद्र की स्थापना से थार क्षेत्र की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और लोक साहित्य के संरक्षण एवं शोध को नई दिशा मिलेगी। विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को स्थानीय संस्कृति पर गहन अध्ययन का अवसर प्राप्त होगा। इस निर्णय का शिक्षाविदों, साहित्यकारों एवं विद्यार्थियों ने स्वागत करते हुए इसे क्षेत्रीय संस्कृति के संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश