Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

प्रयागराज, 20 फरवरी (हि.स)। माघ मेला के पावन अवसर पर रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट वितरण को सुगम बनाया गया और मोबाइल अनारक्षित टिकट प्रणाली (एम-यूटीएस) के व्यापक उपयोग को बढ़ावा दिया गया। इसके माध्यम से टिकट बिक्री में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सर्वाधिक टिकट बिक्री करने वाले 12 कर्मचारियों को शुक्रवार को सम्मानित किया गया।
यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने देते हुए बताया कि मण्डल रेल प्रबन्धक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक कोचिंग हरिमोहन के नेतृत्व में माघ मेला के दौरान प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, नैनी एवं सूबेदारगंज स्टेशनों पर रेलवे के विविध जोन से आए वाणिज्य कर्मचारियों ने प्रयागराज मण्डल के वाणिज्य कर्मचारियों (वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक) के साथ सम्मानित किया।
उन्होंने बताया कि प्रयागराज जंक्शन पर माघ मेला के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वालों में मो. शहबाज (प्रयागराज मण्डल एनसीआर) ने 6060 टिकट बिक्री कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। संजय कुमार (मुंबई मण्डल मध्य रेलवे) तथा प्रिंस कुमार (हुब्बल्लि (हुबली) मण्डल दक्षिण पश्चिम रेलवे) को क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर दिनेश सनप (मुंबई मण्डल मध्य रेलवे) ने 4327 टिकट बिक्री कर प्रथम स्थान। आनंद कुमार एवं कुंदन कुमार (मुंबई मण्डल मध्य रेलवे) को क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सूबेदारगंज स्टेशन पर सुमन कुमार (प्रयागराज मण्डल एनसीआर) ने 998 टिकट बिक्री कर प्रथम स्थान। किशन राम लोचब (जोधपुर उत्तर पश्चिम रेलवे) एवं अंशुल रोशन (टूंडला मुंबई मण्डल मध्य रेलवे) को क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। नैनी जंक्शन पर उत्कृष्ट कार्य करने वालों में अखिलेश कुमार सिंह (नागपुर मण्डल मध्य रेलवे) ने 883 टिकट बिक्री कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। नवीन कुमार (रायपुर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे) एवं अखिलेश कुमार (तिरुचिरापल्ली दक्षिण रेलवे) को क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
पीआरओ ने बताया कि प्रयागराज मंडल प्रशासन ने सभी चयनित कर्मचारियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि भविष्य में भी वे इसी प्रकार समर्पण और उत्कृष्टता के साथ कार्य करते रहेंगे तथा डिजिटल इंडिया की भावना को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र