Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


कोरबा, 20 फरवरी (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोन अंतर्गत जमनीपाली वार्ड स्थित गोपालपुर पुनर्वास ग्राम की वर्षों से जर्जर पड़ी सड़कों के जीर्णोद्धार एवं डामरीकरण का कार्य अब शीघ्र प्रारंभ होगा। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री तथा कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने आज शुक्रवार को विधिवत भूमिपूजन कर कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए गए कि कार्य तत्काल प्रारंभ कर पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए।
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 54 जमनीपाली अंतर्गत एनटीपीसी के पुनर्वास ग्राम गोपालपुर की सड़कों के सुधार हेतु एनटीपीसी की सीएसआर मद से 1 करोड़ 50 लाख रुपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है। आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद अब यह महत्वपूर्ण कार्य धरातल पर शुरू होने जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन मंत्री देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर राजपूत की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने एनटीपीसी सहित अन्य सार्वजनिक एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों से आह्वान किया कि वे अपने पुनर्वास ग्रामों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा में गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठानों का दायित्व है कि वे पुनर्वास ग्रामों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता दिखाएं और समय-समय पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि जमनीपाली वार्ड में 53 लाख रुपये के कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 2 करोड़ 61 लाख रुपये के कार्य प्रगति पर हैं तथा 58 लाख रुपये के नए कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
मंत्री देवांगन ने कहा कि निगम क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में 865 करोड़ रुपये के विकास कार्य विभिन्न मदों में स्वीकृत किए जा चुके हैं और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम कोरबा क्षेत्र में विकास की रफ्तार लगातार जारी रहेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव तथा उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में कोरबा के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता है।
वार्ड क्रमांक 54 के पार्षद मुकुंद सिंह कंवर ने कहा कि 25 वर्ष पूर्व बनी सड़कों की स्थिति लंबे समय से अत्यंत खराब थी, जिससे ग्रामवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि यह बहुप्रतीक्षित मांग अब पूरी हो रही है, जिसके लिए उन्होंने मंत्री देवांगन एवं महापौर राजपूत के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि गांव में शीघ्र ही स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी तथा कोसगाई दाई मंदिर परिसर में बाउंड्रीवाल का निर्माण भी कराया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों, एनटीपीसी के अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में वार्डवासियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास को लेकर उत्साह का वातावरण देखा गया।
हिन्दुस्थान समाचार /हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी