Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)। सीबीएसई की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा अवधि के दौरान विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने विशेष व्यवस्थाएं करने की घोषणा की है, ताकि छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डीएमआरसी के अनुसार परीक्षा दिनों में शहरभर में लाखों विद्यार्थी मेट्रो से आवागमन करते हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए डीएमआरसी ने सीआईएसएफ के साथ मिलकर स्टेशनों पर विशेष सहूलियतें लागू करने का निर्णय लिया है। घोषित व्यवस्था के तहत सीबीएसई का प्रवेश पत्र साथ लेकर आने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षा जांच के दौरान प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा टिकट कार्यालय मशीन और ग्राहक सेवा केंद्रों पर भी प्रवेश पत्र दिखाने वाले विद्यार्थियों को पहले टिकट उपलब्ध कराया जाएगा। मेट्रो स्टेशनों पर विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और सुविधा के लिए विशेष केंद्रीकृत घोषणाएं भी की जाएंगी, जिससे वे समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें। डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान विद्यार्थियों को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यात्रा उपलब्ध कराना मेट्रो प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि छात्र समय से पहले घर से निकलें और प्रवेश पत्र साथ रखना न भूलें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी