Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरजपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हायर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा वर्ष 2026 का 20 फरवरी से शुभारंभ हुआ। पहले दिन जिले के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कक्षा 12वीं की भूगोल एवं भौतिक शास्त्र विषय की परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुईं।
जिले में परीक्षा संचालन के लिए कुल 72 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से 70 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। कुल 5191 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 5115 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 76 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जिले में लगभग 98.5 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जो विद्यार्थियों की गंभीरता और तैयारी को दर्शाती है।
परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर गठित उड़नदस्ता दलों द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किसी भी केंद्र पर नकल का एक भी प्रकरण सामने नहीं आया।
जिला प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी केंद्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय