Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हुगली, 20 फ़रवरी (हि. स.)। बालगढ़ से तृणमूल कांग्रेस विधायक मनोरंजन ब्यापारी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट के जरिए समाज, राजनीति और मतदाता व्यवहार पर तीखा आत्ममंथन किया है। उन्होंने लिखा कि देश को वही शासक मिलते हैं, जिनके वह योग्य होते हैं, क्योंकि शासक समाज से ही निकलते हैं।
मनोरंजन ब्यापारी ने भ्रष्टाचार, नैतिक पतन और अवसर मिलने पर ईमानदारी के टूटने की प्रवृत्ति पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज समाज का बड़ा हिस्सा स्वयं गलत रास्ते पर है, इसलिए वह गलत नेतृत्व को चुनता है। उन्होंने मतदाताओं पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि लोग निजी जीवन में ईमानदारी की कसौटी लगाते हैं, लेकिन वोट देते समय लालच में पड़ जाते हैं।
उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से बताया कि जब समाज ही “सड़ा हुआ” हो, तो उससे ईमानदार नेतृत्व निकलने की उम्मीद व्यर्थ है। पोस्ट के अंत में उन्होंने आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे बीज बोए जाएंगे, वैसी ही फसल मिलेगी—यदि जनता स्वयं ईमानदार और जागरूक बनेगी, तभी बेहतर जनप्रतिनिधि मिलेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय